जम्मू। श्रावण (हरियाली) अमावस्या रविवार आठ अगस्त को है। कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि सात अगस्त शाम 7:12 बजे शुरू होगी और आठ अगस्त को शाम 7:20 बजे समाप्त होगी। अमावस्या का स्नान, व्रत, पितरों का पिंडदान अन्य दान-पुण्य संबंधी कार्य रविवार को होंगे। धर्म शास्त्रों के अनुसार हरियाली अमावस्या के दिन पौधरोपण करने से पितर और प्रकृति संतुष्ट होकर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देते हैं। कोरोना महामारी के चलते घर में ही पानी में गंगाजल डालकर स्नान करें और जरूरतमंद लोगों को दान दें। नदी या तालाब में जाकर मछली को आटा डालें। किसान हरियाली अमावस्या के दिन एक-दूसरे को गुड़ और धानी का प्रसाद देकर अच्छे मानसून की कामना करते हैं। कृषि यंत्रों का पूजन करते हैं। महंत रोहित शास्त्री के अनुसार हरियाली अमावस्या के दिन अपनी राशि के अनुसार पौधरोपण करें।