जम्मू। जिला प्रशासन ने बाढ़ और भूस्खलन से क्षतिग्रस्त घरों के 231 मामलों के लिए 1.07 करोड़ की राहत राशि स्वीकृत की है। इस राशि से प्रभावित परिवारों को राहत देने की कोशिश की जाएगी। जम्मू के अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त (एडीडीसी) शेर सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक में राहत मामलों का आकलन किया गया। समिति की सिफारिशों के बाद जम्मू के उपायुक्त डॉ. राकेश मिन्हास ने प्रभावित परिवारों के लिए औपचारिक रूप से राशि को मंजूरी दी। जवाबदेही, पारदर्शिता और त्वरित वितरण सुनिश्चित करने के लिए पूरी राशि जम्मू के उपायुक्त कार्यालय से प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे जमा की जाएगी। जिला प्रशासन के अनुसार अन्य नुकसान का आकलन करने और निर्धारित मानदंडों के तहत राहत प्रदान करने का काम जारी रखा गया है। प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय में पुनर्स्थापन और पुनर्वास कार्य भी किए जा रहे हैं। इस दौरान एसीआर डॉ. राजेश कुमार आदि मौजूद रहे। ब्यूरो