जम्मू। जम्मू-कश्मीर के बच्चों के लिए प्रधानमंत्री विशेष छात्रवृत्ति योजना (पीएमएसएसएस) के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 22 मई से शुरू हो गया है, जो 20 जून तक चलेगा। पीएमएसएसएस के पंजीकरण का पोटर्ल एक्टिव हो गया है। ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (एआईसीटीई) ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। पीएमएसएसएस के तहत हर साल स्नातक में प्रदेश के पांच हजार से अधिक युवाओं को देश के विभिन्न विश्वविद्यालय और कॉलेजों में निशुल्क पढ़ाया जाता है।
एआईसीटीई के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण करने वाले उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच 24 मई से 23 जून तक होगी। दस्तावेजों की जांच करवाने वाले उम्मीदवारों के लिए पसंद भरने का विकल्प की प्रक्रिया 16 जून से नौ जुलाई तक होगी। तीन जुलाई को मेरिट सूची जारी होगी। इसके बाद सीट आवंटन का परिणाम जारी होंगे। उम्मीदवारों 29 जुलाई तक आवंटित कॉलेज में ज्वाइन कर सकेंगे। पीएमएसएसएस काउंसलिंग शुरू होने से पहले अगर नीट, जेईई और सीयूईटी के परिणाम आते हैं तो इसमें चयनित छात्रों को एआईसीटीओ को बताना होगा, ताकि रिक्त सीटें अन्य छात्रों को आवंटित की जा सकें। ब्यूरो