जिला प्रीमियर लीग टी20 प्रतियोगिता के तीसरे दिन खेले गए दो मुकाबले
रियासी बुल्स और भमाग हाक्स को मिली हार
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। स्पोटर्स स्टेडियम में जारी जिला प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन वीरवार को दो मुकाबले हुए। इसमें माहौर स्टैलियनस व फाइटर इलेवन की टीम ने अपने-अपने मुकाबले जीत कर अगले दौर में प्रवेश किया। रियासी बुल्स की टीम को प्रतियोगिता में दूसरी हार का सामना करना पड़ा।
वीरवार सुबह माहौर की टीम ने टास जीत पहले बल्लेबाजी करते हुए बल्लेबाज राहुल संथाल की तरफ से बनाए गए शानदार साठ रन व सन्नी मलिक के 31 रनों की बदौलत अठारह ओवर में पांच विकेट पर 138 रन बनाए। रियासी बुल्स के गेंदबाज देव करन सिंह ने दो विकेट लिए व दो खिलाड़ी रन आउट हुए। लक्ष्य का पीछा करते हुए रियासी बुल्स की टीम अठारह ओवर में आठ विकेट पर 110 रन ही बना सकी और मैच 28 रनों से हार गई। बल्लेबाज राकेश ने 36 रन बनाए। माहौर के गेंदबाज नसीर ने तीन व नदीम अहमद ने दो विकेट लिए। राहुल संथाल को मैन आफ द मैच चुना गया, जिसे मुख्य अतिथि डोगरा स्वाभिमान संगठन के शाम पंडोह ने सम्मानित किया।
दूसरे मैच में फाइटर इलेवन ने टास जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए वसीम मलिक के 80 व विनायक के 30 रनों की बदौलत बीस ओवर में छह विकेट पर 148 रन बनाए। भमाग हाक्स के गेंदबाज अरुण नाग ने तीन व प्रिंस मन्हास ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए भमाग हाक्स की टीम सात विकेट के नुकसान पर 109 रन ही बना सकी और मैच को 39 रनों से हार गई। बल्लेबाज राहुल शर्मा ने 32 व प्रिंस मन्हास ने 18 रन बनाए। फाइटर इलेवन के गेंदबाज दीपक व विजय पाल सिंह ने दो-दो विकेट लिए। वसीम मलिक को मैन आफ द मैच चुना गया।