गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियों को किया पुख्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। स्पोटर्स स्टेडियम रियासी में शुक्रवार को मनाए जाने गणतंत्र दिवस समारोह के लिए वीरवार को तैयारियों को पूर्ण कर लिया है। दोपहर बाद बस स्टैंड पर लगी हुई रेहड़ी फड़ी को नगर परिषद ने हटवा दिया। साथ ही बसों और मिनी बसों को भी शाम तक कहीं और ले जाने के लिए कहा। शाम होने तक नगर की तरफ आने वाले सभी स्थानों पर नाकेबंदी कर हर आने जाने वाले वाहन को रोक कर जांच की गई। पहचान पत्र जांच करने के बाद ही उन को आगे जाने की अनुमति दी गई।
स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम को ले कर इस तरफ आने वाले सभी प्रकार के वाहनों पर रोक रहेगी। नगर के ऋषि चौक, नई बस्ती, कोर्ट रोड, तरैंथा व मुख्य बाजार की तरफ से कोई भी वाहन बस स्टैंड की तरफ नहीं जा सकेगा। ज्योतिपुरम, ग्रा मोड़, माडी, सलाल की तरफ से आने वाले वाहनों को जम्मू या पौनी जाने के लिए वाया गड़ाल व महादेव मोहल्ले से हो कर गुजरना होगा। कटड़ा व पौनी की तरफ आने वाले वाहन ऋषि चौक तक ही आ सकेंगे। समारोह के लिए वीरवार शाम को सभी सरकारी इमारतों में रंग बिरंगी रोशनी वाली लाइट्स से सजाया गया है। भीमगढ़ फोर्ट के भीतर और बाहरी हिस्से में भी लाइटें लगाई गई हैं।