दोपहर तक पड़ा कचरा बढ़ा रहा लोगों की दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। नगर के मुख्य बस स्टैंड पर बना डंपिंग जोन लोगों और यात्रियों के लिए आफत बन चुका है। दोपहर तक गंदगी के ढेर से उठने वाली दुर्गंध से जहां पर्यावरण दूषित हो रहा है वहीं, यात्रियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मवेशी यहां दिनभर मुंह मारते रहते हैं, जिस कारण गंदगी चारों ओर बिखरी रहती है। लोगों ने प्रशासन से इस संंबंध में जल्द कदम उठाने की अपील की है।
वन विभाग कार्यालय और हायर सेकेंडरी स्कूल बॉयज के मुख्य रास्ते पर सुबह से लेकर दोपहर तक गंदगी के ढेर दिखना आम बात है। नगर परिषद के छोटे वाहन द्वारा वार्डों में से कूड़ा कर्कट एकत्र कर वहां डंप किया जाता है। इसके बाद जेसीबी और टिपर की मदद से डंपिंग प्लांट नंबला में फेंका जाता है। इस प्रक्रिया में दोपहर तक का समय लगता है। दिनभर गंदगी एक ही स्थान पर पड़ी रहने से बस स्टैंड के दुकानदारों, चालकों-सहचालकों और यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।