भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आतंकी हमले में मारे गए चालक, सह चालक के घर जा जताया शोक
पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी/कटड़ा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना ने बुधवार को आतंकी हमले में मारे गए बस चालक और सह चालक के गांव दसानु और कटड़ा के कंडयार का दौरा किया। इस दौरान पीड़ित परिवारों से को सांत्वना देने के साथ ही हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। भाजपा नेता ने कहा कि आतंकवादियों को करारा जवाब दिया जाएगा। साथ ही पाकिस्तान को कायराना हरकतों से बाज आने की चेतावनी दी है।
बुधवार को दसानु पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चालक विजय कुमार शर्मा के घर में परिजनों से बातचीत की और मौत पर शोक जताया। मौके पर मौजूद लोगों ने मृत चालक के परिजनों को 50 लाख रुपये की राहत राशि व पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वह इस संदर्भ में उप राज्पाल प्रशासन से बात करेंगे। वहीं, भाजपा जिला अध्यक्ष अन्य नेताओं सहित कटड़ा के कंडयार गांव में पहुंचे और सहचालक अरुण कुमार के परिजनों से बातचीत की। अरुण के पिता से बात कर मौत पर दुख जताया।उनके साथ जिला प्रधान रोहित दूबे, पूर्व राज्यमंत्री अजय नंदा, पूर्व विधायक बलदेव राज शर्मा, नगर परिषद कटड़ा के पूर्व चेयरमैन शशि गुप्ता, वरिष्ठ नागरिक शिव कुमार शर्मा, सुदर्शन सिंह मौजूद हे।