दरमाड़ी में आज से शुरू होगी मूर्तियों की पूजा, वीरवार को हवन में डाली जाएगी पूर्णाहुति
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। श्री सनातन धर्म सभा जम्मू की तरफ से शिव मंदिर दरमाड़ी के लिए भेजी गई शिव परिवार की मूर्तियों एवं शिवलिंग का नगर के थापा चौक पर स्वागत किया गया। इस दौरान पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव, जय श्रीराम और जय बजरंग बली के जयघोष से गूंजता रहा।
सोमवार दोपहर को जम्मू से मूर्तियां रियासी में पहुंचीं। इस दौरान श्री सनातन धर्म सभा, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। कुछ देर तक भजन-कीर्तन का कार्यक्रम भी किया गया। बाद में सभी लोग मूर्तियों के साथ दरमाड़ी के लिए रवाना हुए। तहसीलदार सुरेश सिंह और एसएचओ चमन गोरखा मौजूद रहे। रास्ते में भी लोगों ने मूर्तियों का स्वागत किया। उधर, शिव मंदिर में पहुंचने पर वहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
मंगलवार को मूर्तियों की पूजा की पूजा शुरू होगी, जो बुधवार तक जारी रहेगी। वीरवार को मूर्तियों की विशेष पूजा कर हवन किया जाएगा। इसके बाद पूर्णाहुति दी जाएगी। वहीं खंडित मूर्तियां चिनाब दरिया में विसर्जित की जाएंगी। भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।