श्री सनातन धर्म सभा की ओर से आयोजन, वाचक ने बताई कथा की विधि और महत्व
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। सावन मास के उपलक्ष्य में नगर की श्री सनातन धर्म सभा में रविवार से श्री शिव पुराण कथा का कलश यात्रा के साथ आगाज हुआ। यह कथा एक माह तक चलेगी। पहले दिन कथा वाचक सूरज कौशल शास्त्री ने कथा की विधि और महत्व के बारे में संगत को बताया।
कथा से पहले श्री सनातन धर्म सभा से एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो जनाना पार्क के पास स्थित भगवान शिव व राम भवन से होते हुए मुख्य बाजार के भगवान श्री गणेश मंदिर पहुंची। यहां पर पंडित चमन लाल शर्मा ने पूजा करवाई और कलशों में जल भरा गया। कलश यात्रा मुख्य बाजार से होते हुए श्री सनातन धर्म सभा पहुंची, जहां कलशों को स्थापित किया गया।
इसके साथ ही शिव पुराण कथा का शुरू की गई। पहले दिन सूरज कौशल शास्त्री ने बताया कि कथा शुरू करने का शुभ मुहूर्त होता है। साथ ही कथा वाचक का मुख पूर्व व सुनने वालों का मुख उत्तर दिशा में होना चाहिए। कथा स्थल को रंगबिरंगे फूलों से साथ सजाने के साथ ही वहां पर भगवान का चित्र लगाना चाहिए। संगत को कथा वाचक के प्रति उस की आयु, सामाजिक स्थिति और शारीरिक अवस्था के चलते भेदभाव नहीं करना चाहिए। उस के प्रति आदर का भाव रखना चाहिए।
दूसरी तरफ आप शंभू महादेव मंदिर में रविवार चौथे दिन भी श्रीमद्भागवत कथा जारी रही। इसमें आचार्य राकेश शास्त्री ने संगत को प्रभु की महिमा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कथा का समापन बुधवार को होगा, जिसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।