कथा से पूर्व वार्ड नौ के मंदिर से निकाली गई भव्य कलश यात्रा
कथावाचक का लोगों ने फूल बरसा कर किया स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। नगर के वार्ड नौ स्थित आप शंभू महादेव मंदिर में शुक्रवार से श्रीमद्भागवत कथा शुरू होगी। इस संबंध में वीरवार को ढोल बाजे के साथ एक कलश यात्रा मंदिर से छोटा काशी के नाम से प्रसिद्ध कांसीपट्टा तक निकाली गई। इस दौरान पूरा क्षेत्र सहित कांसीपट्टा महादेव के जयकारों से गूंजता रहा।
वीरवार को दोपहर साढ़े बारह बजे कलश यात्रा को निकाली गई। इस से पहले रियासी पहुंचे कथा वाचक आचार्य राकेश शास्त्री ने महादेव मंदिर में आप शंभू के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान स्थानीय लोगों और खासकर महिलाओं ने पुष्प वर्षा से उनका स्वागत किया। मंदिर से मुख्य चौक तक पैदल चलने के बाद कलश यात्रा में शामिल सभी लोग वाहनों में बैठ कर कांसीपट्टा के लिए रवाना हुए।
विधि विधान से चिनाब दरिया से कलशों में जल भरा गया। मौके महिलाओं ने भजन-कीर्तन भी किया। इसके बाद यात्रा नगर के मुख्य बस अडडे पर पहुंची जहां से सभी श्रद्धालु पैदल महादेव मंदिर में गए। इस दौरान कलश यात्रा मुख्य बाजार, चौक चबुतरा और खु वाला मोहल्ले से हो कर गुजरी। सभी कलशों को मंदिर में बनाए गए कथा स्थल पर स्थापित किया गया। दोपहर के समय आचार्य राकेश शास्त्री ने कथा का वाचन किया। 24 जुलाई तक चलने वाली कथा की शुरुआत रोजाना दोपहर को दो बजे से होगी। इससे पहले सुबह पूजा आदि की जाएगी। वहीं, रविवार से नगर के सनातन सभा में भी कथा की शुरूआत होगी, जो पूरा माह चलेगी। कथा के लिए सभा की तरफ से तैयारियों को शुरू कर दिया गया है।