केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों और अभिभावकों बस रोक कर जताया रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। केंद्रीय विद्यालय ज्योतिपुरम में बस सेवा बीपीएल कोटे तक सीमित करने पर सोमवार को विद्यार्थियों और अभिभावकों का गुस्सा फूट गया। उन्होंने विद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया।
केंद्रीय विद्यालय में रियासी और सलाल के बच्चे पढ़ाई करते हैं। उनकी आवागमन की सुविधा के लिए एनएचपीसी की तरफ से बस सेवा मुहैया करवाई गई है। इसके लिए बकायदा टेंडरिंग भी होती है। दो दिन पहले स्कूल प्रबंधन ने बस सेवा सिर्फ बीपीएल कोटे के बच्चों तक ही सीमित रखने के आदेश दिए थे।
सोमवार सुबह सलाल में बीपीएल कोटे के विद्यार्थियों को लेने आई बस को रोक दिया गया। सभी विद्यार्थियों को ले जाने की मांग की गई। अभिभावकों ने बताया कि स्कूल प्रशासन मनमर्जी से काम कर रहा है। लोगों से बात नहीं की जा रही है। अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मंगलवार को ज्योतिपुरम कॉलोनी के मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।