संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। कोहरे के बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में रणजी मुकाबले के तीसरे दिन 3.3 ओवर ही फेंके गए। खराब रोशनी की वजह से पिछले तीन दिन में मैच में सिर्फ 65.3 ओवर का ही खेल हो पाया है। इस कारण मुकाबला ड्रा की ओर बढ़ता दिख रहा है।
जेकेसीए हॉस्टल ग्राउंड में रविवार को खेल शुरू हुआ, लेकिन खराब रोशनी के कारण रोकना पड़ा। हिमाचल प्रदेश ने पारी को आगे बढ़ाते हुए स्टंप तक 30 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 120 रन बनाए हैं और 20 रन की बढ़त ली है। अब टीम 11 रन ही जोड़ सकी। हिमाचल प्रदेश के लिए कप्तान अंकित कलसी 40 और सलामी बल्लेबाज प्रशांत चोपड़ा 48 रन पर नाबाद हैं। अंकित ने दूसरे दिन के स्कोर में 11 रन का इजाफा किया। पारी में 67 गेंद का सामना कर पांच चौके और एक छक्का जड़ा है। प्रशांत चोपड़ा ने 81 गेंदों में 8 चौके लगाए हैं।
इससे पहले जम्मू-कश्मीर टीम पहली पारी में 35.3 ओवर में 100 रन पर ही सिमट गई थी। जम्मू-कश्मीर के लिए आबिद मुस्ताक ने 28, विवरांत शर्मा ने 18, फाजिल रशीद ने 14 और कप्तान शुभम खजूरिया ही दोहरे अंक तक पहुंच पाए थे। वहीं, हिमाचल के लिए वैभव अरोड़ा ने चार और ऋषि धवन ने तीन विकेट चटकाए थे, जबकि डागर और अर्पित ने एक-एक विकेट लिया था।