संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। अब्दुल समद की धैर्यपूर्वक अर्धशतकीय पारी की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने ओडिशा को दो विकेट से हराकर रणजी ट्रॉफी का तीसरा मुकाबला अपने नाम कर लिया। जेएंडके की तीन मैचों में पहली जीत है। दो मुकाबले ड्रॉ रहे थे। इसके साथ ही जेएंडके के 8 अंक हो गए और टीम अंकतालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई।
चार दिवसीय प्रतियोगिता के अंतिम दिन सोमवार को जेएंडके को जीत के लिए 77 रन की आवश्यकता थी और छह विकेट थे। कटक के मैदान पर आकिब नबी (20) और अब्दुल समद (24) ने पारी को आगे बढ़ाया। आकिब नबी 28 रन बनाकर आउट हो गए। एक छोर पर अब्दुल समद टिके रहे। समद ने धैर्य का परिचय देते हुए 83 गेंद पर सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 66 रन की पारी खेलकर जेएंडके को जीत की दहलीज पार कराई। 43.4 ओवर में आठ विकेट पर 149 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। अन्य बल्लेबाजों में फाजिल राशीद ने चार, आबिद मुस्ताक ने सात, उमर नजीर मीर ने पांच रन, जबकि उमरान मलिक सात रन बनाकर नाबाद रहे। ओडिशा के लिए राजेश मोहंती ने पांच, जबकि सुनील राउल ने तीन विकेट लिए।
पहली पारी में ओडिशा को 130 रन पर समेटने के बाद जेएंडके ने 180 रन बनाए थे और 50 रन की बढ़त ली थी। रोहित शर्मा ने पांच विकेट झटके थे। दूसरी पारी में भी जेएंडके के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए ओडिशा को 198 रन पर रोका। 50 रन की बदौलत जेएंडके को 148 रन का लक्ष्य मिला, जिसे 43.4 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
जेएंडके का अगला मुकाबला 26 जनवरी को कोतांबी क्रिकेट स्टेडियम वडोदरा में बड़ौदा के खिलाफ है। बड़ौदा ने अब तक तीनों मुकाबले जीते हैं और 19 अंक के साथ ग्रुप डी में शीर्ष पर है।