संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू-कश्मीर और ओडिशा के बीच रणजी ट्रॉफी मुकाबले के दूसरे दिन भी गेंदबाजों का जलवा रहा। खेल खत्म होने तक ओडिशा ने दूसरी पारी में सात विकेट पर 126 रन बना कर 76 रन की बढ़त ली। वहीं, जम्मू-कश्मीर की पहली पारी 180 रन पर समाप्त हुई और 50 रन की बढ़त ली।
कटक में जम्मू-कश्मीर ने आबिद मुस्ताक के अर्धशतक की बदौलत पहली पारी में 45.4 ओवर में 180 रन बनाए। शनिवार को जेएंडके की शुरुआत अच्छी नहीं रही और विकेटकीपर फाजील राशीद के रूप में पांचवां विकेट गंवाया। आबिद मुस्ताक ने 51 गेंद पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 50 रन की पारी खेली। शुभम सिंह पुंडिर ने 34, उमर नजीर ने 25, कप्तान शुभम खजूरिया ने 24, विवरांत शर्मा ने 14 और आकिब नबी ने 13 रन का योगदान दिया। ओडिशा के लिए राजेश मोंटी पहली पारी के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे, जिन्होंने 12.4 ओवर में 64 रन देकर पांच विकेट चटकाए। सुनील कुमार कौल ने तीन जबकि सूर्यकांत प्रधान और प्रयास कुमार सिंह को एक-एक विकेट मिला।
पहली पारी में 50 रन से पिछड़ने के बाद ओडिशा की दूसरी पारी की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और 23 रन पर कप्तान शांतनु मिश्रा (7) और अनुराग सारंगी (16) आकिब नबी का शिकार बने। दिन का खेल खत्म होने तक संदीप पटनायिक 47 और सूर्यकांत प्रधान 27 रन बनाकर मैदन में हैं। जेएंडके के लिए रोहित शर्मा, उमर नजीर मीर और आकिब नबी ने दो-दो विकेट झटके, जबकि उमरान मलिक को एक विकेट मिला। तीसरे दिन जम्मू-कश्मीर ओडिशा को कम स्कोर पर आउट कर जीत दर्ज करना चाहेगा।
सीके नायडू ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर और कर्नाटक के बीच मुकाबला आज से
जम्मू। कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर रविवार को कर्नाटक के खिलाफ तीसरा मुकाबला खेलने उतरेगा जो अल्लुर क्रिकेट स्टेडियम बंगलूरू में होगा। टीम की अगुवाई विकेटकीपर शिवांश शर्मा करेंगे। गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर ने पिछले मुकाबले में पुडुचेरी को हराया था। टीम में शिवांश शर्मा (कप्तान), आर्या ठाकुर, काजी जुनैद, कवलप्रीत सिंह, कन्हैया वाधवान, यावर हसन, अर्नव गुप्ता, अर्चित महाजन, वंशज शर्मा, विशाल कुमार, शेख जानिब जावेद, रिधम शर्मा, मुज्तबा युसुफ, बासित बशीर और मनित जसरोटिया हैं। यासिर गुलजार रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर मौजूद रहेंगे। संवाद