संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू-कश्मीर और ओडिशा के बीच जारी रणजी ट्रॉफी का तीसरा मुकाबला रोमांचक मोड़ पर है। चार दिवसीय मुकाबले के तीसरे दिन ओडिशा की दूसरी पारी 198 रन पर समाप्त हुई। ओडिशा ने जेएंडके को जीत के लिए 148 रनों का लक्ष्य दिया। जेएंडके ने तीसरे दिन के खेल समाप्त होने तक चार विकेट पर 72 रन बना लिए थे। जेएंडके को जीत के लिए अभी भी 77 रनों की आवश्यकता है।
धनेश्वर रथ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट साइंसेज ग्राउंड कटक में खेले जा रहे रणजी मुकाबले के तीसरे दिन ओडिशा ने संदीप पटनायक के शानदार शतकीय पारी की मदद से 67 ओवर में 198 रन बनाए। संदीप ने 187 गेंदों पर 17 चौकों की मदद से नाबाद 100 रनों की पारी खेली। जेएंडके के आकिब नबी ने तीसरे दिन की शुरूआत में ही ओडिशा के सूर्यकांत प्रधान (27) और राजेश मोहंती (06) को चलता किया। जबकि उमर नजीर ने सुनील राउल (06) को एलबीडब्ल्यु आउट कर ओडिशा की पारी समेटी। जेएंडके के लिए आकिब नबी ने 19 ओवर में 73 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट झटके। वहीं, उमर नजीर मीर ने तीन, रोहित शर्मा ने दो और उमरान मलिक ने एक विकेट हासिल किया।
पहली पारी में 50 रनों की बढ़त के कारण जेएंडके को जीत के लिए 148 रनों का लक्ष्य मिला। जेएंडके की दूसरी पारी की शुरूआत अच्छी नहीं रही। ओडिशा के राजेश मोहंती ने 26 रन के अंदर दोनों सलामी बल्लेबाजों कप्तान शुभम खजूरिया (01), अभिनव पूरी (01) और विवरांत शर्मा (05) को आउट कर जेएंडके को शुरुआती झटके दिए। शुभम पुंडीर भी 18 रन बनाकर सुनील कुमार के शिकार बने। इसके बाद आकिब नबी (नाबाद 20) और अब्दुल समद (नाबाद 24) ने पारी को संभाला। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए नाबाद 33 रनों की साझेदारी हुई। खेल खत्म होने तक जेएंडके ने 23.2 ओवर में चार विकेट पर 72 रन बनाए। जीत के लिए जम्मू-कश्मीर को 77 रनों की आवश्यकता है। चौथे और अंतिम दिन का खेल निर्णायक होने की संभावना है। जेएंडके यह मुकाबला जीत कर प्रतियोगिता में पहली जीत दर्ज करना चाहेगी।
सरायअकिल कस्बे में सुजीत कुमार की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन। संवाद