जम्मू। शारदीय नवरात्रि के आगाज के साथ सोमवार से शहर में रामलीलाओं का भी मंचन शुरू होगा। शहर के दीवान मंदिर में रामलीला का मंचन शाम को होगा। पहले दिन मंचन की शुरूआत प्रार्थना से होगी। इसके बाद श्रावण वध, क्षीर सागर, वेदवती रावण, कैलाश तलहटी, दरबार दशरथ और ताड़का वध के दृश्यों का मंचन होगा।
कोविड के दो साल बाद रामलीला के लिए लोगों में उत्साह है। सनातन धर्म नाटक समाज की ओर से रामलीला का मंचन का किया जाएगा। रामलीला के निदेशक सतपाल शर्मा ने कहा कि पुराने शहर स्थित दीवान मंदिर में होनी वाली रामलीला में इस बार 30 साल बाद राम तो 27 साल बाद लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले पात्रों को बदला गया है। 1865-67 यानी 161 साल पुरानी रामलीला में इस बार नए कलाकार अभिनय का प्रदर्शन करेंगे। इस बार भगवान राम का किरदार विजय शर्मा, लक्ष्मण का साहिल गुप्ता और रावण का संजीव केरी, मां सीता का संजना निभाएगी।