संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। कस्बे में जम्मू-कश्मीर किसान तहरीक के राज्य प्रधान किशोर कुमार की अध्यक्षता में 4 अप्रैल को दिल्ली चलो यात्रा के लिए आह्वान किया। इस दौरान मीरा साहिब कस्बे में रैली निकाली गई, जो बाजार से होते हुए शहीद भगत सिंह पार्क में संपन्न हुई। किशोर कुमार ने कहा कि 5 अप्रैल को दिल्ली में देश के किसान व मजदूर वर्ग के लोग देशभर से पहुंच केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसान व मजदूर वर्ग के लोगों को दिल्ली चलो के आह्वान करने को लेकर शांतिपूर्वक मार्च निकाला गया। आज किसानों और मजदूरों को केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण दो वक्त की रोटी नहीं मिल रही। आज हालात यह हैं कि किसानों को उनकी फसलों की बेहतर कीमत नहीं मिल रही। आग लगने, ओलावृष्टि व बारिश जैसी प्राकृतिक आपदा के चलते किसानों को राहत राशि नहीं मिल रही। किसानों की फसलों का बीमा किए होने पर राशि नहीं मिल रही। सरकार यही कहती रही कि 90 प्रतिशत फसल खराब होने पर ही किसानों को बीमा किया होने पर राहत राशि देने का प्रावधान है। कांग्रेस और भाजपा दोनों सरकारों ने स्वामी रंगनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू नहीं की। उन्होंने कहा कि तब तक किसानों की आय में बढ़ोतरी नहीं हो पाएगी जब तक स्वामी रंगनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू नहीं की जाती। इस मौके पर बाबा राम, रछपाल चौधरी, तिलक राज, बोध राज, सोम राज, कृष्ण लाल मौजूद रहे।