जम्मू संभाग के जिला राजोरी में गुरुवार सुबह इको वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे 30 फुट गहरी खाई में जा गिरा। इससे गाड़ी में बैठे सात लोग घायल हो गए। इनमें से गंभीर रूप से घायल चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी राजोरी भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, इको गाड़ी राजोरी के जमोला इलाके से बुद्धल की ओर जा रही थी। मंदिर गाला इलाके में एक तीव्र मोड़ पर चालक गाड़ी से अपना संतुलन खो बैठा और गाड़ी सड़क से करीब 30 फुट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी सूचित किया गया। इसके बाद घायलों को कोटरंका अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से 4 लोगों की हालत नाजुक देखते हुए जीएमसी राजोरी रेफर किया गया।
कोटरंका के ब्लॉक मेडिकल अधिकारी डॉ. इकबाल मलिक के अनुसार, घायलों में बशारत अहमद, दिलशाद अहमद, महरीन कोसर और वाहन चालक मोहम्मद सुलेमान की हालत गंभीर है। उन्हें जीएमसी राजोरी में रेफर किया गया है। घायल गुड्डी बेगम, सादिया तबस्सुम और गुलनाज अख्तर कोटरंका अस्पताल में ही उपचाराधीन है। उधर, मामले में पुलिस की जांच जारी है।