जम्मू। बारिश के चलते शहर के सबसे लंबे फ्लाईओवर का उद्घाटन रुक गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग ढांचागत विकास प्राधिकरण लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) के परियोजना महाप्रबंधक सूरज पाल सिंह सांगवान के अनुसार कनाल हेड से गणेश विहार तक फ्लाईओवर का उद्घाटन बारिश की वजह से नहीं हो पा रहा है।
सांगवान के अनुसार कनाल हेड से गणेश विहार तक फ्लाईओवर के निर्माण के लिए 133 पिलरों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। मिट्टी गीली होने की वजह से केवल सड़क से कनेक्ट करना बाकी है। गुणवत्ता व विशेषज्ञों की सलाह से सारा कार्य किया जा रहा है। बारिश का दौर खत्म होते ही शेष एक फीसदी काम पूरा कर लिया जाएगा। अगस्त में उद्घाटन संभव है।
गौरतलब है कि कनाल हेड से गणेश विहार तक फ्लाईओवर के उद्घाटन के बाद आधे घंटे का सफर केवल दस मिनट में पूरा हो जाएगा। इससे जम्मू-अखनूर सड़क से गुजरने और रहने वाले लाखों लोगों को बड़ा लाभ होगा।