अखनूर। शुक्रवार सुबह कंडी क्षेत्र में भारी बारिश हुई। क्षेत्र के कई गांव जलमग्न हो गए। नालों में भी पानी आ गया। चिनाब दरिया का जलस्तर दोबारा बढ़ने लगा। गांव मैरा मेंदरिया, नरडी, सुंगल, चौकी चौरा, पंजग्राई सहित अन्य क्षेत्र में भारी बारिश हुई। हालांकि मैदानी क्षेत्र में बारिश नहीं हुई। गर्मी की उमस से भी लोगों को राहत मिली। वहीं पहाड़ों में लगातार बारिश से चिनाब दरिया का जलस्तर दोबारा बढ़ने लगा। शुक्रवार सुबह नौ बजे जलस्तर 27 फीट था, जो दोपहर बढ़ कर 28 फीट पंहुच गया। तीन बजे 28.5 तक पहुंच गया। इसके बाद जलस्तर कम होने लगा। दो दिन पहले दरिया का जलस्तर खतरे के निशान के पास पहुंचने पर प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया था।