अरनिया। क्षेत्र में बूंदाबांदी से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। इस समय गेहूं की फसल को पानी लगाने की जरूरत थी, जो बारिश ने पूरी कर दी। पिछले दो दिन से क्षेत्र में बूंदाबांदी होने से किसानों की चिंता मिट गई है। किसानों के अनुसार क्षेत्र में जोरदार बारिश होती है तो गेहूं की फसल को लाभ मिलेगा। फसल को बीमारियों से निजात मिलेगी। बारिश न होने से फसल की पैदावार रुक गई थी। इसके चलते किसान पंप सेट के जरिए फसल को पानी लगाने में जुटे थे। किसानों के अनुसार जिन क्षेत्र में सिंचाई का स्रोत नहीं है, वहां पर बारिश वरदान सिद्ध हुई है। क्षेत्र में बूंदाबांदी के साथ पिछली रात से तेजधार हवाएं भी चल रही हैं। इसके चलते किसानों की चिंता बनी हुई है।
इस मौके पर किसान दर्शन कुंडल ने कहा कि बारिश से गेहूं व अन्य फसलों को फायदा होगा। तेज हवाओं से फसल को नुकसान होने के आसार हैं। किसान गोपाल दास ने बताया कि इस बार गेहूं की फसल के लिए तय समय पर बारिश हो रही है। इससे गेहूं की फसल की बंपर पैदावार होने की उम्मीद जताई जा रही है। बारिश से कई प्रकार की बीमारियां फसलों से मिट जाती हैं।