फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू कश्मीर मौसम अपडेट: खराब मौसम में पहाड़ से पत्थर गिरा, उधमपुर में सीआरपीएफ जवान की मौत

Thu, 05 May 2022 01:48 AM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

मौसम के बदले मिजाज से तापमान गिरने से तपिश से राहत मिली है। प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर दिन का पारा सामान्य से 5 से 11 डिग्री तक गिर गया है। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में सुबह मूसलाधार बारिश से चापर सेवा प्रभावित हुई।
विज्ञापन
जम्मू में बारिश के दौरान हाईवे से गुजरते लोग। - फोटो : संजय गुप्ता
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू समेत प्रदेश के कई जिलों में दूसरे दिन भी बुधवार को बारिश के साथ ओले गिरे। उधमपुर में तेज हवाओं से कई जगह टीन की छतें उड़ गईं। तोलडी नाला इलाके में दोपहर को राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ से पत्थर गिरने से बाइक सवार सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई। जवान लाटी का रहने वाला था और ईद के लिए छुट्टी लेकर घर आया था। हादसे के वक्त वह उधमपुर जा रहा था। वहीं, रामबन के पंथयाल इलाके में स्टील टनल पर पत्थर गिरने पर करीब तीन घंटे राष्ट्रीय राजमार्ग बंद रहा। हालांकि राजमार्ग खुलने के बाद भी ट्रकों को शाम तक घाटी की तरफ रवाना नहीं किया गया था।

तापमान गिरने से तपिश से राहत मिली

मौसम के बदले मिजाज से तापमान गिरने से तपिश से राहत मिली है। प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर दिन का पारा सामान्य से 5 से 11 डिग्री तक गिर गया है। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में सुबह मूसलाधार बारिश से चापर सेवा प्रभावित हुई। यहां दिन में खराब मौसम के कारण हेलीकाप्टर ने 45 के करीब आधी ही उड़ानें भरीं। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार वीरवार और शुक्रवार को कुछ हिस्सों में बादलों के गरजने के साथ बारिश हो सकती है।

काली घटाएं छाने से सुबह ही शाम जैसा अंधेरा छा गया

जम्मू में बुधवार की शुरुआत बादलों की गड़गड़ाहट के साथ हुई। काली घटाएं छाने से सुबह ही शाम जैसा अंधेरा छा गया था। शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश के साथ बादल गरजते रहे। हालांकि एक समय लग रहा था कि दिनभर इंद्रदेव प्रसन्न रहेंगे, लेकिन दोपहर को मौसम साफ हो गया।

जम्मू में दिन का तापमान सामान्य 29.1

धूप खिली रही, मगर मौसम में बदलाव से तपिश का अधिक अहसास नहीं हुआ। जम्मू में दिन का तापमान सामान्य से 6.6 डिग्री गिरकर 29.1 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में दिन का पारा सामान्य से 8.5 डिग्री गिरकर 15.4, बटोत में 15.7, कटड़ा में 27.6 और भद्रवाह में 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कठुआ और राजोरी में सुबह कुछ देर के लिए तेज बारिश

जिला कठुआ और राजोरी में सुबह कुछ देर के लिए तेज बारिश हुई। राजधानी श्रीनगर में सुबह बारिश के बाद मौसम खुला, लेकिन शाम को दोबारा हल्की बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था। यहां दिन का तापमान 16.8, पहलगाम में 14.4 और गुलमर्ग में 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में दिन का तापमान 19.5 और कारगिल में 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें