-पुराने अंडरपाथ से दोनों तरफ आवाजाही के चलते हो चुके हैं कई हादसे
-लोगों ने कई बार प्रशासन से निर्माण कार्य पूरा करने की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिले के नानके चक क्षेत्र में हाईवे पर 15 वर्ष से जारी रेल लाइन पर अंडरपाथ का निर्माण कार्य आज तक मुकम्मल नहीं हो सका। इस बारे में स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को अवगत करवाया है, लेकिन कोई समाधान नहीं करवाया गया है।
इसके चलते पुराने अंडरपाथ से वाहनों की दोनों तरफ आवाजाही के चलते एक कई हादसे भी हो चुके हैं। इनमें कई कीमती जानें जा चुकी हैं। लोगों ने मांग की कि हाइवे पर गुजर रही रेलवे लाइन के नीचे बनाए जा रहे अंडर पाथ का निर्माण कार्य शीघ्र मुकम्मल किया जाए, ताकि भविष्य में हादसों से बचा जा सके।
हमने कई बार जिला प्रशासन के साथ एलजी प्रशासन के अधिकारियों को समस्या के बारे में अवगत करवाया है, लेकिन कोई समाधान नही किया जा सका है। आज भी हादसों का अंदेशा बना हुआ है। हमें बताया गया था कि रेलवे विभाग की ओर से अनुमति नहीं दी जा रही है, जिस कारण काम अधर में है।
-रमेश चंद्र, डीडीसी सदस्य सांबा।
नानके चक क्षेत्र के हाइवे पर गुजर रही रेल लाइन के नीचे बन रहे अंडर पाथ के काम को आठ वर्ष पूर्व शुरू किया गया था, जो आज तक मुकम्मल नहीं हो सका। इस मुद्दे को बैक टू विलेज कार्यक्रम के दौरान भी उठाया गया था। जम्मू से कठुआ की ओर इसी मार्ग से नेताओं व अधिकारियों का आना-जाना रहता है, लेकिन किसी ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया।
-कमल किशोर, स्थानीय निवासी सांबा
गत वर्ष रेल लाइन के नीचे पुराने अंडरपाथ में दो बसों की टक्कर हो गई थी। हादसे में कई लोग घायल हुए थे। एक ट्राला भी हादसे का शिकार हुआ था जिसमें दो स्थानीय युवकों की मौत हो गई थी। इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
-नीलम सिंह, स्थानीय निवासी सांबा।
ऐसे ठेकेदार के खिलाफ मामला दायर होना चाहिए जो विकास कार्य को अधर में छोड़ देते हैं। इसके लिए हमने उच्च शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार को भी एक ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि इसके लिए रेलवे मंत्रालय से बात कर अंडर पाथ के कार्य को मुकम्मल करवाया जाएगा।
-रविंदर सिंह, पूर्व सरपंच मंडी कैली सांबा
हमने रेलवे मंत्रालय को भी अनुमति के लिए योजना भेजी है। हमें एक तरफ के लिए आठ घंटे का समय चाहिए। इस दौरान रेलगाड़ियों की आवाजाही को बंद करना होगा। रेलवे विभाग हमें अनुमति ही नहीं दे रहा है, जिस कारण अंडर पाथ का विकास रुका हुआ है।
वैष्णो शर्मा, जेई
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सांबा।