सांबा। सीमावर्ती क्षेत्रों की ओर चलने वाली एसआरटीसी की बस को बंद किए जाने पर सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों में रोष बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र बस को चालू नहीं किया गया तो लोग सड़क पर आ जाएंगे। पूर्व सरपंच दर्शन चौधरी, शशी पाल शर्मा, राज कुमार, पृथ्वी सिंह आदि ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र के गांवों में एसआरटीसी की बस को स्थानीय लोगों ने चालू कराया था क्योंकि मिनी बस चालकों की ओर से कई हादसे किए गए थे, जिससे कई लोग घायल हो चुके हैं। सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन से अपील की थी और बस को चालू कराया था ताकि सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को आने जाने की सहूलियत मिले। सब कुछ ठीक ठाक चल रहा था। गत चार पांच दिनों से एक बार फिर से बस सेवा को बंद कर दिया गया है, जिससे लोगों में भारी रोष है। उनके अनुसार यदि शीघ्र ही बस को चालू नहीं किया गया तो सीमावर्ती क्षेत्र के लोग सड़कों पर भी आ सकते हैं।