आरएस पुरा /मीरां साहिब। उपजिले में टिप्परों, ट्रॉलियों पर मिट्टी, ईट, रेत, बजरी आदि लादकर ले जाते समय इनको ढककर नहीं रखा जा रहा है। दूसरे वाहन चालकों सहित पैदल चलने वाले लोगों को इससे कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा यह देर रात को भी चोरी छिपे चलते हैं। गत दिनों मीरां साहिब के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवक हादसे का शिकार भी हो गए थे। इसके चलते दोनों लड़के घायल हो गए थे। मीरां साहिब बाजार कमेटी के प्रधान सुरेंद्र चौधरी ने इस संबंध में मीरां साहिब थाना प्रभारी से कहा कि बाजार से लोड टिप्पर, ट्रॉलियों पर मिट्टी, ईट, रेत, बजरी आदि लादकर ले जाने पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मीरां साहिब बाजार के राकेश कुमार का कहना है कि मीरां साहिब क्षेत्र में इन दिनों रिंग रोड का कार्य चल रहा है और अभी तक टिप्पर यहीं आते जाते हैं। उन्होंने कहा कि मीरां साहिब बाजार के सिवाय दूसरेे मार्ग से आवाजाही की जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। संवाद