सांबा। बेरोजगार युवाओं ने नौकरी के लिए वीरवार को कसबे के मुख्य चौक पर प्रदर्शन करने के साथ पुतला फूंककर सरकार की नीतियों को कोसा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि 2018 में जम्मू-कश्मीर पुलिस की भर्ती हुई थी और इसमें वे शारीरिक रूप से फिट पाए गए थे, लेकिन आज तक लिखित परीक्षा नहीं ली गई। प्रदर्शन में शामिल युवतियों ने कहा कि वे अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। यह प्रदर्शन युवा कांग्रेस सांबा के जिलाध्यक्ष सुशील भगत के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में बेरोजगारी दर चिंता का कारण है, क्योंकि केंद्र शासित प्रदेश में नौकरी के परिदृश्य में कोई सुधार नहीं हुआ है । सरकार जम्मू-कश्मीर के युवाओं से झूठे वादे करती है। बेरोजगार युवा संघ के अध्यक्ष निमरनदीप सिंह भुल्लर ने सरकार पर आरोप लगाया कि रोजगार, करियर से जुड़े कई मुद्दे हैं, जिन्हें हल नहीं किया जा रहा। जेकेपी सीमा बटालियन के उम्मीदवारों की लिखित परीक्षा जल्द करवाने की मांग उठाई गई।