बिश्नाह। क्षेत्र के चक अवतारा पंचायत में वीरवार को किसानों ने रिंग रोड में आई जमीनों का मुआवजा न मिलने के विरोध में धरना देकर रोड का काम रुकवा दिया। लोगों ने डीसी जम्मू और राजस्व विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। पंचायत के पूर्व सरपंच सुरजीत सिंह चाढ़क ने कहा की बीते चार साल से राजस्व विभाग के अधिकारी किसानों को मुआवजा देने की बात कर रहे हैं, लेकिन आज तक मुआवजा नहीं मिला। किसानों ने एसडीएम और तहसीलदार के खिलाफ भी नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान एसडीएम ने वहां पहुंचकर किसानों को समझाया और जल्द मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया। हालांकि किसानों ने कहा कि जब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिल जाता, तब तक रिंग रोड का काम शुरू नहीं होने देंगे, लेकिन आश्वासन के बाद किसान धरने से उठ गए। चेतावनी दी कि जल्द मुआवजा नहीं मिला तो फिर से रिंग रोड का काम रुकवा देंगे।