पौनी में धरना देते हुए गयारहवीं कक्षा में फेल हुए विद्घार्थी।
- फोटो : REASI
पौनी। स्थानीय राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने बुधवार को शिवखोड़ी जाने वाले मुख्य मार्ग को बंद कर जेके बोर्ड ऑफ स्कूल एजूकेशन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
बुधवार सुबह विद्यार्थी नारेबाजी करते हुए स्कूल के बाहर आए। इस दौरान उन्होंने मार्ग को बंद कर कहा कि बोर्ड ने जानबूझकर उन्हें फेल किया है। उनकी सभी विषयों की परीक्षा अच्छी हुई है। पढ़ाई में उन्होंने काफी मेहनत की। लेकिन, पिछले दिनों घोषित वार्षिक परीक्षा परिणामों में उनको फेल कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि ठीक से जांच न होने के कारण उन्हें फेल किया गया है।
विद्यार्थियों ने कहा कि बोर्ड की लापरवाही के कारण उनका भविष्य अंधकार में है। प्रदर्शन के चलते मौके पर पहुंचे एसएचओ विजय शर्मा ने विद्यार्थियों के साथ बात कर उन्हें समझाया। कहा कि मार्ग बंद करने से समस्याओं का समाधान नहीं होता। इससे सिर्फ आम जनता को परेशानी होगी। बाद में विद्यार्थियों ने तहसीलदार से मिलकर उन्हें अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। और उनकी उत्तर पुस्तिकाओं की जांच दोबारा कराने को कहा।