रियासी। 11वीं कक्षा में फेल हुए विद्यार्थियों ने सोमवार को रोष रैली निकालते हुए जिला मुख्यालय के कटड़ा व पौनी जाने वाले मुख्य मार्ग को बंद कर दिया। इस दौरान जेके बोर्ड ऑफ स्कूल एजूकेशन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। साथ ही बोर्ड पर उगाही करने की तैयारी करने के आरोप लगाए।
दोपहर को अभाविप के बैनर तले जनाना पार्क में इकट्ठा होकर विद्यार्थियों ने रैली निकाली। यह रैली स्थानीय बोर्ड कार्यालय में पहुंची, जहां मुख्य अधिकारी से हुई बातचीत में कहा गया कि 11वीं के वार्षिक परीक्षा परिणामों में स्थानीय राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाले 325 विद्यार्थियों में से 305 को अनुत्तीर्ण किया गया है। सिर्फ 20 विद्यार्थी ही उत्तीर्ण हुए हैं। विद्यार्थी इतने भी नालायक नहीं कि पूरी तरह फेल हो जाएं।
बोर्ड अधिकारी के साथ हुई बात से मामला हल न होने पर विद्यार्थी सड़क पर बैठ गए। इस दौरान मुख्य मार्ग बंद कर वाहनों को रोक दिया गया। परिषद के जिला अध्यक्ष आकाश दीप सिंह ने कहा कि लगता है कि बोर्ड ने उत्तर पुस्तिका देखे बिना ही परिणाम घोषित कर दिए हैं। इतनी अधिक तादाद में विद्यार्थियों का अनुत्तीर्ण होना आश्चर्य की बात है। बोर्ड ने जानबूझकर विद्यार्थियों को फेल किया है, ताकि पुनर्मूल्यांकन शुल्क के नाम पर छात्रों से उगाही कर सके।
मार्ग बंद होने के कारण कटड़ा, पौनी जाने वाले वाहनों के पहिये रुके रहे। वहीं, स्कूल बसों को भी आगे नहीं जाने दिया। इससे बच्चे गर्मी व परेशानी से जूझते रहे। बाद में मौके पर मुख्य शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों से बात की। वहीं, डीसी बबीला रकवाल ने एक कमेटी का गठन कर एक सप्ताह में पूरी रिपोर्ट देने के निर्देश जारी किए हैं।
------
स्थानीय युवाओं के साथ झड़प में पांच प्रदर्शनकारी छात्र घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। प्रदर्शन के दौरान बंद किए मार्ग को लेकर विद्यार्थियों और स्थानीय युवाओं में कहासुनी हो गई। इस दौरान आपस में लात घूंसे भी चले, और पत्थर व डंडों से भी एक दूसरे की पिटाई की गई। आपसी झड़प में लगभग पांच विद्यार्थी घायल बताए जाते हैं।
बताया जाता है कि विद्यार्थियों ने सड़क बंद की हुई थी। इसी दौरान दोपहिया वाहन से दो युवक जबरदस्ती जाने लगे। उनको रोका गया तो युवकों ने कहा कि उनके घर में रसोई गैस खत्म हो गई है, इसलिए उन्हें घर जाने दिया जाए। इस दौरान विद्यार्थियों और युवकों के बीच कहासुनी हो गई, जोकि बाद में मारपीट तक जा पहुंची। इसी दौरान पांच विद्यार्थी घायल हो गए।
धरना दे रहे विद्यार्थियों ने युवकों को गुंडा बताते हुए उन पर कार्रवाई किए जाने को कहा। इस दौरान पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की गई। मौके पर पहुंचे डीएसपी हेडक्वार्टर इफ्तिखार अहमद ने विद्यार्थियों से बात की। बताया कि उक्त युवकों को पकड़ लिया है। इस पर परिषद के सदस्यों ने शिकायत दर्ज करने को कहा। कहा कि युवकों ने उन पर जानलेवा हमला किया है। कई छात्र बस पर सवार होकर नारे लगाने लगे।