रियासी। दिल्ली में किसानों के जारी प्रदर्शन के समर्थन में और नए कृषि कानून के विरोध में सोमवार को रियासी में किसान तहरीक के सदस्यों ने रोष रैली निकाली। सुबह विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से आए किसान जिला प्रधान सोहन लाल शर्मा की अध्यक्षता में स्थानीय डाक बंगला के बाहर इकटठा हुए जहां पर केंद्र सरकार के कृषि बिल का विरोध किया गया। इस मौके पर कहा गया कि सरकार का बिल किसानों के हक में नहीं है अगर यह बिल पुरी तरह से लागू कर दिया जाता है तो इस का काफी नुकसान किसानों का होगा। इस के साथ ही कहा गया कि पिछले कई दिनों से जारी किसानों के प्रदर्शन को केंद्र सरकार अनदेखा कर रही है उन की मांगों को पुरा नहीं किया जा रहा है। लगातार बैठकों के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला है। कई राज्यों के किसान दरबदर हो रहे है। बाद में किसानों की एक रोष रैली को नगर के मुख्य बस अड्डे तक निकाला गया, जिस में केंद्र सरकार से बिल वापस लेने की मांग की गई।