रियासी। पिछले कई दिनों की तरह ही बुधवार को भी म्यूनिसिपल कमेटी में काम करने वाले सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को ले कर नारेबाजी की। बुधवार को नगर में सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के बाद सफाई कर्मचारी कार्यालय में पहुंचे और धरना-प्रदर्शन कर हक के लिए आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी रोजाना प्रशासन को अपनी मांगों से अवगत करवा रहे हैं, लेकिन कहीं भी सुनवाई नहीं हो रही है। मांगों का ज्ञापन वह कमेटी के चेयरमैन और ईओ तक को दे चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। यह तक कि कोई बात करने तक नहीं आया है। जल्द उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वह सड़कों पर उतरने को मजबूर हो जाएंगे।