दोमाना। क्षेत्र में बिजली कटौती के कारण लोग परेशान हैं। बुधवार को इसके विरोध में मिश्रीवाला चौक पर लोगों ने प्रदर्शन कर बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी की। स्थानीय निवासी शमशेर कुमार, प्रजापति, मंजू मन्हास, नेहा मन्हास, कृष्णा देवी, सूबेदार (रिटायर) सतपाल सिंह, कैप्टन गुरनाम सिंह आदि ने बताया कि मिश्रीवाला और पंडोरिया में बीते चार दिन से ट्रांसफार्मर खराब होने से बत्ती गुल है। प्रचंड गर्मी में बिना पंखे-कूलर के रहना मुश्किल है। कई बार अधिकारियों को समस्या बताई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। प्रदर्शन के दौरान रोड जाम होने पर एसएचओ कानाचक विश्व प्रताप सिंह और एसडीपीओ दोमाना कौशीन कौल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने एसडीएम जम्मू नार्थ पवन कोतवाल और बिजली निगम के अधिकारियों से बात कर समस्या हल करवाने का आश्वासन दिया। बुधवार शाम को अधिकारियों ने दो ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली समस्या हल की।