संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रहे अत्याचार के विरोध में वीरवार को आरएस पुरा में भाजपा व हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रदर्शन किया। बांग्लादेश सरकार का पुतला फूंका। भाजपा किसान सेल के सचिव विक्रम संधू की अध्यक्षता में सब्जी मंडी से लेकर हनुमान चौक तक रोष मार्च निकाला गया। आरएसएस के वरिष्ठ नेता दविंदर शर्मा विशेष तौर पर उपस्थित रहे। आकाश चोपड़ा ने कहा कि बांग्लादेश में लगातार हिंदू समुदाय के लोगों को मारा जा रहा है लेकिन वहां की सरकार की नाक के नीचे मानवता का हनन हो रहा है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के लोगों पर हो रहे हमलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मोदी सरकार से मांग की कि इस मामले में हस्तक्षेप करें और बांग्लादेश सरकार को जवाब दिया जाए। संवाद