सांबा। पशु तस्करों की ओर से एएसआई को कुचलने पर सीमावर्ती कस्बे राजपुरा के व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया।
व्यापार मंडल के प्रधान संजय शर्मा ने कहा कि पशु तस्करों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उन्हें किसी का डर ही नहीं है। वे शरेआम वाहनों को दौड़ा रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि पशु तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। ऐसे लोगों के खिलाफ पीएसए लगाया जाए व उनकी संपत्ति को कुर्क किया जाए। बाद में उन्होंने कस्बे के चौक पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। उनका कहना था कि प्रशासन ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे, जो संदिग्ध लोगों को अपनी भूमि पर पनाह देते हैं। इस अवसर पर सुशील, गंदर्ब सिंह, शक्ति शर्मा, आशा देवी, अशोक सिंह, पूर्व सरपंच भारत इंदु शर्मा, रंजीत सिंह व कुलभूषण सिंह आदि मौजूद थे। उन्होंने कुछ देर के लिए मार्ग को भी जाम रखा।