जम्मू। क्लस्टर यूनिवर्सिटी के अधीन कॉलजों में दाखिला न मिलने पर 12वीं पास विद्यार्थियों में रोष है। शनिवार को भी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के बैनर तले विद्यार्थियों ने कैनाल रोड स्थित जीजीएम साइंस कॉलेज के बाहर क्लस्टर यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि 80 से 90 फीसदी अंक हासिल करने के बावजूद भी कॉलेजों में प्रवेश नहीं मिल रहा है। यूनिवर्सिटी प्रशासन उनके भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है। यूनिवर्सिटी में प्रवेश के लिए हर वर्ष बच्चों को प्रदर्शन करना पड़ता है। क्लस्टर यूनिवर्सिटी के अधीन आने वाले कॉलजों में इस बार 6000 के करीब सीटें हैं, जिसके लिए 18500 आवेदन आए थे। इनमें से 4800 के करीब सीटों पर दाखिला हो चुका है और बची सीटों पर प्रक्रिया चल रही है। क्लस्टर विवि के डीन अकादमिक अफेयर डॉ. भुपिंदर सिंह ने कहा कि दाखिला मेरिट के आधार हो रहा है। अभी तक 4800 के करीब बच्चों का दाखिला हो चुका हैं। विवि में 6000 के करीब सीटें है। 12वीं में बच्चों को कोविड के कारण अच्छे अंक मिले हैं, जिसके कारण दाखिले के लिए मेरिट भी काफी हाई रही है। बता दें कि शुक्रवार को भी विद्यार्थियों ने यूनिवर्सिटी के खिलाफ प्रदर्शन कर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया था।