दोमाना। दो साल बाद भी राजपुरा-झिड़ी सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने पर क्षेत्रवासियों में रोष है। मंगलवार को पंजौर पंचायत के लोगों ने रमन भगत के नेतृत्व में पीएमजीएसवाई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर जल्द कदम उठाने की अपील की है।
स्थानीय निवासी रमन भगत, सरपंच पंजौर श्याम लाल शर्मा, सरपंच राजपुरा दनतर सिंह, यश वर्मा, गुरनाम सिंह, जोरावर सिंह, अजय कुमार, ओंकार सिंह और श्यामा आदि ने बताया कि 2020 में पीएमजीएसवाई विभाग की ओर से राजपुरा-झिड़ी सड़क का काम शुरू हुआ था। लेकिन आजतक काम पूरा नहीं हो पाया है। ठेकेदार ने काम को बीच में ही छोड़कर बंद कर दिया है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात में सड़क तालाब बन जाती है। रमन भगत ने बताया कि यह सड़क राजपुरा, चोरपुर मान्याल, डब कर्मदीन, दब्दीता व पाटिया गांव को जोड़ती है। इस पर 15 सौ की आबादी निर्भर है।
सड़क की लंबाई तीन किलोमीटर से अधिक है। सड़क का काम 2.77 करोड़ की लागत से शुरू किया गया था, लेकिन आज तक पूरा नहीं हो पाया है। इस बीच विभाग के चीफ इंजीनियर राजन मेंगी सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर जाकर स्थानीय लोगों से बात की। बताया कि काम का नया टेंडर कर दिया गया है। जल्द ही काम को शुरू कर दिया जाएगा।