जम्मू। जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों की लंबित मांगों के समर्थन में हड़ताल रविवार को भी जारी रही। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यस्थलों पर सरकार और विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर आवाज बुलंद की। गुस्साए कर्मियों ने कहा कि लंबित मांगें पूर्ण होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
प्रधान सचिव विपन परमार के साथ पीएचई यूनाइटेड फ्रंट के पदाधिकारियों की बैठक सोमवार को होगी। इसमें मांगों को उजागर कर हल करने की गुहार लगाई जाएगी। अभी तक हुई बैठकों में कोई फैसला नहीं हो पाया है। फ्रंट के पदाधिकारी रवि हंस, होशियार सिंह और राजेंद्र प्रताप ने कहा कि कर्मचारियों को नियमित किया जाए। अभी तक विभाग में कवायद ही शुरू नहीं हो पाई है। इस कारण कर्मचारी परेशान हैं। यूटी की तर्ज पर मानदेय जारी किया जाए। मौजूदा समय में तीन सौ रुपये प्रति माह दिहाड़ी मिल रही है। कम से कम पांच सौ रुपये दिहाड़ी दी जाए। कर्मचारियों को 72 माह का बकाया वेतन जारी किया जाए।