जीएमसी के बाहर प्रदर्शन करते मृतक के परिवारवालों को रोकती पुलिस।
जम्मू। जीएमसी परिसर में रविवार को परिजनों ने शव देने में अस्पताल प्रबंधन की ओर से देरी करने पर प्रदर्शन कर दिया। इस दौरान गुस्साए परिजनों ने जीएमसी परिसर में तोड़फोड़ भी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शनिवार को युवक की मौत होने के बाद रविवार दोपहर तक 24 घंटे बाद भी शव नहीं दिया गया। परिजनों ने बताया कि बाहु फोर्ट के 24 वर्षीय साहिल सड़क हादसे में घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए जीएमसी में भर्ती करवाया गया। यहां शनिवार को उसकी मौत हो गई, लेकिन कोरोना टेस्ट के नाम पर शव देने में बेवजह देरी की गई। आगे ही परिवार के सदस्य को खोने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इसके बावजूद जीएमसी प्रबंधन शव देने के लिए प्रतीक्षा करवाए जा रहा है। प्रदर्शन के थोड़ी देर बाद युवक का शव परिजनों को पोस्टमार्टम करने और कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद सौंप दिया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार कोरोना काल में तय निर्देशावली के तहत कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद ही शव परिजनों को सौंपा जाता है। डॉक्टरों के अनुसार, जैसे ही कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट मिली। शव परिजनों को सौंप दिया गया। टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आई।