जम्मू। जम्मू वेस्ट असेंबली मूवमेंट के अध्यक्ष सुनील डिंपल ने बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ जानीपुर हाईकोर्ट रोड पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर सरकार के पास रोजगार देने के लिए भर्ती नीति नहीं है और 30 लाख से ज्यादा जम्मू-कश्मीर के युवा बेरोजगार हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने आवेदन फॉर्म के माध्यम से बेरोजगार युवाओं से करोड़ों रुपये ले लिए हैं। न तो कोई परीक्षा ली है और न ही उनके पैसे वापिस किए हैं। उन्होंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से अपील की कि वह कोई भर्ती नीति बनाएं और बेरोजगारी को खत्म करके गलत दिशा में जा रहे युवाओं को सही मार्ग पर लाने में सहायता करें। उन्होंने कहा कि सरकार के पास शराब को लेकर नीति है लेकिन बेरोजगारी के खात्मे के लिए कुछ नहीं है। इस मौके पर सतिंद्र सिंह, अनमोल आनंद, सन्नी अग्रवाल, सोनू कुमार, अरुण, विजय शर्मा, शिवांग गुप्ता आदि मौजूद रहे।