दोमाना। वार्ड नंबर 65 के पटोली में चीनी सेना के साथ हिंसक झड़प में भारतीय सेना के बीस जवानों के शहीद होने पर लोगों ने सड़क पर उतरकर चीन के खिलाफ रोष व्यक्त किया। समाजसेवी सुभाष शर्मा ने अखनूर रोड पटोली को जाम कर चीनी सेना के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चीन का झंडा भी जलाया। सुभाष शर्मा ने कहा कि चीन ने 1962 की जंग की ही तरह एक बार फिर भारत की पीठ में छुरा घोंपा है। सुभाष शर्मा ने भारत सरकार से मांग की है कि चीन की इस हरकत का कड़ा जवाब दिया जाए। इस दौरान उन्होंने शहीद जवानों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा। इस मौके पर विजय सिंह चिब, दीपक सिंह, शुकेर सिंह, लकी, बाबू राम, राम प्रसाद, अनूप सिंह, राजू चिब, रिंकू, विशाल, अश्वनी, अनिल, धीरज शर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद