शिव सेना हिंदुस्तान ने की शोपियां में तीन प्रवासी श्रमिकों पर हमले की निंदा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। शिव सेना हिंदुस्तान पार्टी ने युवा प्रदेश अध्यक्ष गणेश चौधरी और जिला प्रधान राजकुमार गुप्ता की अध्यक्षता में पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने 13 जुलाई को शोपियां में तीन प्रवासी श्रमिकों पर हुए हमले को लेकर बिश्नाह के तारा चौक में प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान का पुतला जलाया।
युवा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आतंकवादियों का घाटी से लगातार सफाया हो रहा है। इससे उनकी बौखलाहट बढ़ती जा रही है। पाकिस्तान परस्त आतंकवादी पवित्र अमरनाथ यात्रा में बाधा पहुंचाने के लिए कायराना हरकत कर रहे हैं। इसी बौखलाहट के चलते आतंकवादियों ने निर्दोष प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाया है। उन्होंने सरकार से अपील की कि इस हमले में शामिल एक भी आतंकवादी बचकर नहीं जाना चाहिए। उन्होंने शोपियां में और अधिक सुरक्षाबल भेजने की मांग की। कहा कि घाटी में छिपे सभी आतंकवादियों को चुन चुन कर मारा जाना चाहिए। जो लोग आतंकवादियों को पनाह दे रहे हैं, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा पाकिस्तान आज भुखमरी और कंगाली की कगार पर है। वहां की जनता दाने-दाने को तरस रही है। फिर भी पाकिस्तान इतना बेशर्म है कि अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा। पाकिस्तान के खिलाफ ठोस कदम उठाने का वक्त आ गया है। उसकी इस कायराना हरकत के लिए ईंट का जवाब पत्थर से देना चाहिए। प्रदर्शन में भारत भूषण, सोनू कुमार, नेक राज, संजीव कुमार, विकास कुमार, आदि शामिल थे।