अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नावाबाद पुलिस ने तीन दिन में देह व्यापार के दो मामलों का पर्दाफाश किया है। शनिवार को गुम्मट स्थित रिची लैंड होटल के प्रबंधक सहित दो दलालों को गिरफ्तार किया। अब तक होटल मालिक फरार है। महिला ने शिकायत में बताया कि उसे श्रीनगर से बुलाया गया था। उसका शारीरिक शोषण किया गया। विरोध करने पर डराया गया, पैसे भी नहीं दिए।
देह व्यापार दलालों के माध्यम से चल रहा है। दलाल ही बुकिंग करते हैं और होटल तक महिलाओं को पहुंचाते हैं। पीड़ित महिला ने बताया कि उसे भी श्रीनगर से दलाल के माध्यम से लाया गया। शिकायत के बाद पुलिस ने रेड की और चार लोगों पर मामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार होटल मालिक को पकड़ने के लिए टीमें रवाना हो चुकी हैं। वहीं, अन्य तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वीरवार को भी नवाबाद के एक होटल में देह व्यापार के मामले में मैनेजर, दलाल और ग्राहक को पकड़ा था। साथ ही एक नाबालिग को छुड़वाया था। पुलिस के अनुसार इलाके में देह व्यापार की शिकायतें मिल रही हैं।
दो दिन पहले का मामला, ज्यूल से फरार होटल मालिक नहीं चढ़ा हत्थे
उधर, ज्यूल स्थित एक होटल में वीरवार को देह व्यापार मामले में फरार होटल मालिक अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लगा है। इसकी तलाश में टीमें अलग-अलग जगहों पर दबिश दे चुकी हैं। पुलिस ने देह व्यापार में होटल के मैनेजर, एक दलाल और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है। मामले में एक नाबालिग की शिकायत पर कार्रवाई हुई। पुलिस को फोन कर उसने बताया कि उसे जबरदस्ती होटल में देह व्यापार में शामिल किया गया है। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि होटल मालिक फरार है।