अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। देह व्यापार करने वालों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। एक महीने में पुलिस की ओर से देह व्यापार को लेकर पांच मामलों में कार्रवाई की गई है, जो इससे पहले कभी नहीं हुई। यहीं नहीं, आरोपियों को न सिर्फ गिरफ्तार किया जा रहा है, बल्कि उनके घरों को भी सीज किया जा रहा है।
एक महीने में नबाबाद पुलिस की ओर से ज्यूल पर दो बार और तालाब तिल्लो में पहली बार कार्रवाई की गई। देह व्यापार चलाने के तीन मामले दर्ज किए। तालाब तिल्लो की हिस्ट्रीशीटर महिला रेनु कुमारी को पकड़ा। इसके अलावा गुज्जर नगर के एक होटल को देह व्यापार चलाने पर नोटिस जारी किया। बाग-ए-बाहु पुलिस की सिफारिश पर कासिम नगर में हिस्ट्रीशीटर महिला स्वर्णा देवी का घर सीज किया गया। सूत्रों का कहना है कि ऐसी कार्रवाई तालाब तिल्लो की रहने वाली रेनु कुमारी पर भी की जा सकती है। जिला प्रशासन के पास पुलिस सिफारिश करेगी कि जिस्मफरोशी के लिए इस्तेमाल होने वाले उक्त घर को सीज किया जाए।
नबाबाद में बड़े स्तर पर जिस्मफरोशी
नबाबाद और ज्यूल के पास कई होटलों एवं लॉज में देह व्यापार चलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। यहां पर श्रीनगर, किश्तवाड़ आदि की नाबालिग लड़कियों को लाकर देह व्यापार करवाया जाता है। पुलिस ऐसे दो मामलों का पर्दाफाश कर चुकी है। बावजूद इसके बड़े स्तर पर रात में धंधे पर लगाम नहीं लग पाई। हालांकि पुलिस की पैनी नजर है और कार्रवाई करने की तैयारी है।