बांदीपोरा। नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नशा तस्करी के आरोपी दंपती की 56.60 लाख की संपत्ति जब्त कर ली है। जब्त की गई संपत्ति में 1 कनाल और 1.5 मरला भूमि, 1 महिंद्रा स्कॉर्पियो (जेके01जेके01 टी- 6266) और टाटा मिनीबस (जेके05-7707) शामिल है। आरोप है कि जब्त जमीन और वाहन नशा तस्करी से प्राप्त पैसे से खरीदे गए थे। आरोपियों की पहचान खुर्शीद अहमद वाजा और उसकी पत्नी के रूप में हुई है। दोनों आरोपी फिलहाल जम्मू की कोटभलवाल व श्रीनगर जेल में बंद हैं।
पुलिस के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी से अनुमति के बाद जब्ती की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इससे पहले आरोपी महिला और उसके परिवार की 18 लाख, 36 हजार, छह सौ ग्यारह रुपये की बैंक बचत और अन्य वित्तीय संपत्ति पहले ही जब्त कर ली गई थी।