स्वराज एक्सप्रेस ट्रेन से 900 किलो प्रतिबंधित पॉलिथीन किया जब्त
जम्मू। मुंबई से आने वाली ट्रेन 12471 स्वराज एक्सप्रेस से जम्मू रेलवे प्रबंधन ने 900 किलो प्रतिबंधित सिंगल यूज पॉलिथीन जब्त किया है। सोमवार को हुई इस कार्रवाई को रेलवे की वाणिज्यिक टीम ने अंजाम दिया। इसमें पॉलिथीन की 39 बोरियां थीं, जिन्हें जम्मू नगर निगम को सौंप गया।
प्रदेश में एक जनवरी से सिंगल यूज पॉलिथीन पर पूर्ण प्रतिबंध है, लेकिन अभी भी हर जगह पॉलिथीन का उपयोग हो रहा है। सड़क मार्ग पर अवैध रूप से आने वाले पॉलिथीन पर सख्ती के बाद अब ट्रेन के माध्यम से इसे जम्मू शहर में लाया जा रहा है। सोमवार को स्वराज एक्सप्रेस में संदिग्ध कंट्राबेंड सामग्री होने की जानकारी मिली थी। इस पर रेलवे स्टेशन जम्मू के वाणिज्यि अधिकारियों ने ट्रेन की जांच की। जांच के दौरान ट्रेन में 39 बड़ी बोरियों में 900 किलोग्राम का प्रतिबंधित पॉलिथीन मिला। जांच के बाद इसे नगर निगम के अधिकारियों को सौंप दिया गया।
जम्मू रेलवे वाणिज्यिक निरीक्षक पुरुषोत्तम सिंह ने कहा कि नियमित जांच के बाद ट्रेन से आने वाले सामान की जांच की तो उसमें ये सामग्री मिली। सामग्री किस की है, इसकी अभी कोई जानकारी नहीं है न किसी ने दावा किया है। ये सामग्री ट्रेन की उस बोगी से मिली जो रेलवे ने निजी कंपनी को लीज पर दी है। जम्मू रेलवे स्टेशन के निदेशक उचित सिंघल ने कहा कि अगर कोई रेलवे का उपयोग प्रतिबंधित सामग्री के परिवहन के लिए करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बता दें, प्रदेश में सिंगल यूज पॉलिथीन के निर्माण, भंडारण, आयात, वितरण, बिक्री और उपयोग पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा है।