जम्मू। शहर में बिजली-पानी की किल्लत दूर नहीं हो रही। रविवार को भी दिन में आधे-आधे घंटे के बिजली कट लोगों को सहन करने पड़े। मुट्ठी, तालाब तिल्लो व बठिंडी में ट्रांसफार्मर जले हैं। इस कारण इन इलाकों में ज्यादा परेशानी खड़ी हुई। वहीं नरवाल, सुंजवां में लोड बढ़ने से बिजली के तार टूटने से कई घंटे बिजली बंद रही। बिजली न होने से पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। शहर के कई इलाकों में आधा घंटा ही सप्लाई दी गई। लोगों को टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ा है। शहरवासी गोपाल, सुनील, अशोक का कहना है कि बिजली कटौती के कारण गर्मी में बेहाल होना पड़ रहा है। नलों में भी जरूरत के हिसाब से पानी नहीं आ रहा।