घगवाल। कस्बे के गांव जसाथ में ढाई माह से पानी की आपूर्ति प्रभावित है, लोगों को पीने के लिए पानी नहीं मिल रहा है। इससे गुस्साई स्थानीय महिलाओं और अन्य लोगों ने मंगलवार को जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि समस्या बताने पर हर बार पंचायत प्रतिनिधियों व अधिकारियों से आश्वासन मिलते हैं, इसका हल नहीं किया जाता। पंच नीलम देवी, सुनीता देवी, गीता देवी, कुंती देवी, रानी देवी आदि ने बताया की पानी के लिए उन्हें दरबदर होना पड़ रहा है, रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा।
प्रदर्शन में शामिल नेशनल कॉन्फ्रेंस के ब्लॉक प्रधान कुलदीप वर्मा ने बताया कि सरकार की ओर से हर बुधवार ब्लॉक दिवस के रूप में कार्यक्रम करवाए जाते हैं। अधिकारी आते हैं और समस्याएं सुनकर चले जाते हैं, लेकिन बाद में काम नहीं होता। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि प्रशासन ने जल्द समस्या हल नहीं की तो सड़क पर बैठकर धरना शुरू कर देंगे। संवाद