सांबा। नगर परिषद के नए वार्डों में साफ सफाई नहीं होने से लोगों में रोष है। लोगों के अनुसार कि कई बार स्थानीय पार्षद को सूचित करने के बावजूद समस्या जस के तस है।
स्थानीय निवासी रंजीत सिंह और जोगिन्द्र आदि ने बताया कि जब से मंडियों को नगर परिषद के साथ जोड़ा गया है तब से साफ-सफाई का बुरा हाल है। सफाई कर्मचारी आते ही नहीं हैं। ऐसे में जगह-जगह गंदगी के ढेर चुके हैं। वार्ड 17 के पार्षद महेश्वर राज ने बताया कि सफाई के लिए नगर परिषद के अधिकारियों को कई बार कहा है, लेकिन कोई उचित कदम नहीं उठाया जा रहा है। उन के मोहल्ले में एक नाला गंदगी से बंद हो गया। गंदा पानी गलियों में बह रहा है। कई बार कहने के बाद भी नाले को नहीं खोला गया है। वार्ड 16 के पार्षद उत्तम चंद ने कहा कि उन के मंदिर में एक धार्मिक कार्यक्रम था। साफ सफाई के लिए कहा गया, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया है। चूना तक की व्यवस्था नहीं की है। नगर परिषद वार्ड की सफाई करवाने में असफल साबित हो रही है।
नगर परिषद को 120 सफाई कर्मचारियों की जरूरत है जबकि मौजूदा समय में 35 ही हैं। जिससे 17 वार्ड की सफाई की समस्या बनी हुई है। नए वार्ड के लिए शनिवार और रविवार का समय रखा है। यदि कोई जरूरी हो तो कर्मचारियों को भेजा जाता है।
- पवन कोहली, अध्यक्ष, नगर परिषद सांबा