आरएस पुरा। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आरएच चिब ने उपराज्यपाल से सुचेतगढ़ और आरएस पुरा में लंबित विकास कार्य जल्द पूरे करवाने की मांग की है। चिब ने कहा कि कस्बे में रेवेन्यू कांप्लेक्स का काम 12 साल पहले शुरू किया गया था, अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। आरएस पुरा तहसील का पुराना भवन जर्जर हालत में है और ऐसे में अगर रेवेन्यू कांप्लेक्स का काम पूरा कर वहां पर अधिकारियों और कर्मियों को बैठने की सुविधा मिले तो इससे यहां आने वाले लोगों को राहत मिलेगी। चिब ने कहा कि आरएस पुरा-सुचेतगढ़ मार्ग को फोरलेन बनाने का काम शुरू किया गया था लेकिन पिछले छह वर्षों में इसका लटका हुआ है। सुचेतगढ़ एक अहम सड़क मार्ग है और भारत-पाकिस्तानसीमा को देखने के लिए बाहरी राज्यों से कई पर्यटक जहां आते हैं, लेकिन फोरलेन न होने से उन्हें परेशानी होती है। पूर्व मंत्री ने कहा कि जल्द उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को ज्ञापन पत्र देकर उन्हें अधूरे पड़े कार्यों को पूरा करने की मांग की जाएगी। इस मौके पर सुचेतगढ़ कांग्रेस ब्लॉक प्रधान चौधरी महेंद्र सिंह, घराना पंचायत के सरपंच गुरदयाल सिंह मजोत्रा सहित अन्य नेता मौजूद थे।