संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन और नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के आह्वान पर पुरानी पेंशन बहाली, श्रम कानून को वापस लेने, निजीकरण और ठेकेदारी प्रथा पर रोक के मांग को लेकर शुक्रवार को नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन जम्मू शाखा की ओर से एसी ऑफिस में विरोध प्रदर्शन किया गया। इसकी अध्यक्षता शाखा उपाध्यक्ष बृजमोहन ने की। प्रदर्शन में शामिल मंडल अध्यक्ष शैम्बर सिंह ने कहा की जिस प्रकार रेलवे को बेचा जा रहा है उससे रेलकर्मियों के साथ देश की जनता को भी नुकसान है। इससे रेलवे में मिलने वाली तमाम सुविधा महंगी हो जाएगी, जिससे सबसे ज्यादा गरीब तबके के लोग प्रभावती होंगे। साथ ही सरकारी नौकरी पर भी संकट आयेगा। उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन निजीकरण से कर्मियों के बीच तनाव पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सभी कर्मियों से एकजुट होकर नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन का साथ देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज प्रशासन द्वारा गाड़ियों में एस्कोर्टिंग करने के लिए निजी कर्मियों को भेज रही है, जिसका हम पुरजोर विरोध करते है। मीटिंग को शाखा उपाध्यक्ष बृजमोहन, जेपी सिंह, अमित केरनी, मीडिया प्रभारी प्रकाश चन्द्र,रवि कुमार, मदन कुमार ने भी संबोधित किया।